मध्यप्रदेश शासन के खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित हॉकी फीडर सेंटर मुरैना में रिक्त स्थानों की पूर्ति के लिए प्रतिभाशाली बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत 16 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री प्रशांत कुमार कुशवाह ने बताया कि हॉकी फीडर सेंटर में नवीन प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। वहीं, विशेष प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भी अवसर प्रदान किया जाएगा। खिलाड़ियों की आयु की गणना 31 अक्टूबर 2026 की स्थिति में की जाएगी।
उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक प्रतिभावान बच्चों को चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि जिले की उभरती हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल कौशल विकसित करने का अवसर मिल सके।
चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, बोर्ड की अंकसूची, आधार कार्ड, स्थानीय मूल निवासी संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उपस्थित होना होगा।
चयन ट्रायल 16 नवंबर 2026 को प्रातः 9 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, मुरैना में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। चयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए हॉकी प्रशिक्षक श्रीमती दिव्यांशी बघेल (मोबाइल नंबर 7999631189) एवं श्री जितेन्द्र कुमार शुक्ला (मोबाइल नंबर 9301065512) से संपर्क किया जा सकता है।

