महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर (सखी) पन्ना के द्वारा लगातार महिलाओं और बालिकाओं को सामाजिक सुरक्षा और सहायता प्रदान की जा रही है। सेन्टर में घरेलू हिंसा, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, सामाजिक एवं आर्थिक उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणो में परामर्श, स्वास्थ्य सेवा, कानूनी सहायता, और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। इसी क्रम में अज्ञात मूक बधिर महिला दो वर्ष की बच्ची के साथ, पुलिस द्वारा वन स्टॉप सेन्टर पन्ना के अस्थायी आश्रय में रखी गयी थी। महिला के मूक बधिर होने के कारण उसके साथ संवाद कर पाना मुमकिन नहीं था, लिखकर या पढ़कर भी बात नहीं की जा सकती थी, क्योंकि महिला साक्षर भी नहीं थी। कम आयु की बच्ची के कारण वह कुछ शब्दों के अलावा अन्य जानकारी भी नहीं बता पा रही थी। इससे अग्रिम कार्यवाही करते हुये जिले के समस्त पुलिस थानों से संपर्क किया गया। इससे भी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। सखी केंद्र द्वारा अन्य जिलों की पुलिस से संपर्क किया गया। महिला करीब 20 दिवस वन स्टॉप सेंटर में रही। कोई जानकारी नहीं लगने और महिला की सुरक्षा को देखते हुये महिला एवं बच्ची को महिला स्वाधार गृह भेजा गया। साथ ही महिला के परिवार की खोजबीन जारी रखी गयी। इसके फलस्वरूप अन्य जिले की मदद से महिला के परिवार की जानकारी प्राप्त हुई। विधिवत कार्यवाही करते हुये महिला एवं उसकी बच्ची को उसका परिवार मिला, महिला के पति ने अपनी पत्नी व बच्ची को पा कर खुशी जाहिर की एवं दोनों पक्षों द्वारा वन स्टॉप सेन्टर को धन्यवाद दिया गया। दोनों खुशी-खुशी साथ में अपने घर लौट गये।



