कटनी (16 अक्टूबर) - शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीन जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय, रीठी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले के 12 महाविद्यालयों की महिला टीमों ने हिस्सा लिया। शासकीय तिलक महाविद्यालय, कटनी की टीम द्वितीय और मेजबान शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता का प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में शासकीय तिलक महाविद्यालय की श्रद्धा कोरी को बेस्ट रेडर तथा शासकीय महाविद्यालय, रीठी की प्रियंका ठाकुर को बेस्ट डिफेंडर के खिताब से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात एवं शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेयी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री संदीप जायसवाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं को खेल गतिविधियों में निरंतर भाग लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता का संयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री नागेंद्र यादव ने किया। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, निर्णायकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का योगदान रहा। अंत में श्री यादव ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सफलता की कहानी



