युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 17 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला तथा कैरियर अवसर मेले का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा एवं शासकीय आईटीआई पांढुर्णा के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला शासकीय विज्ञान महाविद्यालय (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस), अमरावती रोड, पांढुर्णा में आयोजित होगा।
मेले में निजी क्षेत्र की कुल 8 कंपनियां शामिल होकर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इनमें सुरुचि होजरी एंड ईलास्टिक प्रा.लि., तापड़िया पॉलिस्टर प्राइवेट लिमिटेड बुटीबोरी, नागपुर, मुथ्थुट माइक्रो फाइनेंस प्रा.लि. पांढुर्णा, एम.आर.एफ. टायर्स प्रा.लि. बरूच, अपोलो टायर्स प्रा.लि. वडोदरा, यजाकी इंडिया प्राय.लिमि., एन.आई.आई.टी. फाउंडेशन छिंदवाड़ा एवं भारतीय जीवन बीमा निगम पांढुर्णा शामिल हैं।
मेले में सुपरवाइजर, लूम मशीन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर, रिलेशनशिप/फील्ड ऑफिसर, अप्रेंटिसशिप, ऑफिस वर्क, आपरेटर, एक्जीकिटीव एवं बीमा सखी के पदों पर भर्ती की जाएगी। पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तक रखी गई है, जबकि कुछ पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष है। विभिन्न कंपनियों में पदानुसार लगभग 7 हजार से 22 हजार रुपये तक मासिक वेतनमान निर्धारित किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 17 नवंबर 2026 ( मंगलवार ) को प्रातः 11 बजे तक से दोपहर 4 बजे तक आयोजित मेले में शामिल हो सकेगें। अभ्यर्थियों को रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, समग्र आईडी, अपना रिज्यूम एवं समस्त शैक्षणिक तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के अधिकाधिक युवाओं से इस रोजगार एवं कैरियर अवसर मेले में सहभागिता कर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।




