मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भोपाल के शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय "मेरे सपनों का भारत" चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिले की प्रतिभावान छात्रा आयुषी अहिरवार ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्रा आयुषी अहिरवार को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से विद्यार्थियों ने सहभागिता की। आयुषी अहिरवार की उत्कृष्ट कलात्मक प्रस्तुति ने निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि से नरसिंहपुर जिले की शैक्षणिक एवं सृजनात्मक प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर नई पहचान मिली है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की सृजनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा एवं भारत के भविष्य को लेकर उनकी कल्पनाशील अभिव्यक्ति की सराहना की। " मेरे सपनों का भारत" विषय पर विद्यार्थियों ने अपने सपनों और विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नरसिंहपुर जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा को सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिले में अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा किए गए प्रयासों और गतिविधियों के सफल संचालन को रेखांकित करता है।

कार्यक्रम में प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी श्री विक्रम शर्मा तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागी जिले के प्रतिभावान विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।

छात्रा आयुषी अहिरवार की प्रदेश स्तरीय सफलता से नरसिंहपुर जिले ने सेवा संकल्प अभियान के साथ-साथ शिक्षा एवं विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। आयुषी की इस उपलब्धि को जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा विभाग एवं जिलेवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।