सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक अक्टूबर को जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जनहित, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सुरक्षा, खेल एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभागवार गतिविधियां जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगी।

श्रम विभाग द्वारा श्रम कार्यालय नरसिंहपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों, पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों में विभागीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं तेंदूखेड़ा में भी विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा मगरमुहा से कान्हरगांव तक सड़क के सोल्डर एवं अनावश्यक झाड़ियों की साफ-सफाई और पेंटिंग कार्य किया जायेगा। मत्स्य विभाग द्वारा प्ले ग्राउंड नरसिंहपुर में योगासन एवं योग-ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला परिवहन विभाग द्वारा पीजी कॉलेज नरसिंहपुर में लर्निंग लाइसेंस कैम्प आयोजित किया जाएगा। शासकीय पीजी कॉलेज नरसिंहपुर द्वारा महाविद्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा एवं लर्निंग लाइसेंस संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा मुंगवानी में शासकीय योजनाओं के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम तथा रीछा में स्वच्छता ही सेवा एवं बीआरसी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट भवन नरसिंहपुर में वृद्धजन दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आजीविका मिशन द्वारा उन्नति सीएलएफ आमगांव बडा में समूह सदस्यों के साथ पोषण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशु चिकित्सालय करेली में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मिनी स्टेडियम तेंदूखेड़ा में एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।