को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), राजस्व विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बीच नशीले पदार्थों की मांग में कमी, नशा-मुक्ति जागरूकता, युवा सशक्तिकरण एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौता ज्ञापन पर CBN की ओर से नारकोटिक्स कमिश्नर डॉ. दिनेश बिसेन तथा ब्रह्माकुमारीज की ओर से मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसीलाल साह ने प्रतिनिधित्व किया। यह समझौता ज्ञापन 18 सितम्बर 2026 को यूनिवर्सल हार्मनी हॉल, ब्रह्माकुमारीज, ज्ञान सरोवर, माउंट आबू में संपन्न हुआ।

इस सहयोग का प्रमुख उद्देश्य नशीले पदार्थों एवं मनोदैहिक पदार्थों के दुरुपयोग के दुष्परिणामों के संबंध में वैज्ञानिक, कानूनी एवं मूल्य-आधारित जागरूकता को बढ़ावा देना तथा युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीण समुदायों और अन्य संवेदनशील वर्गों तक नशा-निवारण का संदेश पहुंचाना है।

MoU के अंतर्गत CBN के ‘युवा रक्षा’ अभियान के माध्यम से सेमिनार, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं डिजिटल अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित करने की परिकल्पना की गई है। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशा-मुक्त वातावरण, जीवन-कौशल तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया जाएगा।

ब्रह्माकुमारीज के व्यापक संस्थागत एवं स्वयंसेवी नेटवर्क के माध्यम से राजयोग ध्यान, योग, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन एवं चरित्र निर्माण से संबंधित कार्यक्रमों को नशा-निवारण प्रयासों से जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषक परिवारों, ग्राम पंचायतों एवं युवाओं के बीच भी जागरुकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

दोनों संस्थाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय नशा-विरोधी दिवसों के अवसर पर संयुक्त जन-जागरुकता कार्यक्रम, वेबिनार, मैराथन एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की क्षमता-वृद्धि के लिए प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम संचालित करने की दिशा में सहयोग करेंगी।

यह सहयोग स्वैच्छिक, मानवीय, शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी प्रकृति का है। इसका उद्देश्य कानून प्रवर्तन की भूमिका के अतिरिक्त समाज में नशे के प्रति जागरुकता, रोकथाम, सकारात्मक जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी को सुदृढ़ करना है।