उज्जैन 07 अक्टूबर। उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ स्टडीज इन जूलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी द्वारा आगामी 9 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक ‘कलर्स ऑफ साइंस-3.0: विज्ञान बाजार’ के वर्ष 2026 के इस अनूठे आयोजन की मुख्य थीम ‘किसान कल्याण के लिए विज्ञान’ निर्धारित की गई है, जिसके तहत कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण और उद्यमिता से जुड़े कई बेहतरीन वैज्ञानिक नवाचार एक ही मंच पर देखने को मिलेंगे।विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो अर्पण भारद्वाज द्वारा उज्जैन के विद्यार्थियों को दक्षताओं पर आत्मनिर्भर बनाने की परिकल्पना के इस विज्ञान बाजार में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। छात्र-छात्राएं कृषि और जैव प्रौद्योगिकी पर आधारित बायोपेस्टिसाइड, बायोफंगीसाइड, वर्मी कम्पोस्ट, प्राकृतिक कीटनाशी, जैविक खाद और एडिबल बायोप्लास्टिक जैसे उत्पाद प्रस्तुत करेंगे। इन नवाचारों का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना और किसानों के लिए पर्यावरण के अनुकूल किफायती विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके अलावा हर्बल कॉस्मेटिक्स, प्लांट-बेस्ड प्रोडक्ट्स, फूड प्रोसेसिंग आधारित उत्पाद और जैव प्रौद्योगिकी से जुड़े आकर्षक मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।कार्यक्रम का एक सबसे बड़ा और खास आकर्षण 'मिलेट फूड' (श्री अन्न) रहेगा। विद्यार्थी बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो और कुटकी जैसे मोटे अनाजों से तैयार स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन, बेकरी उत्पाद, स्नैक्स और पेय पदार्थ प्रदर्शित करेंगे। वैज्ञानिक और पोषणीय दृष्टिकोण से तैयार इन खाद्य पदार्थों के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और स्थानीय अनाजों के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह आयोजन केवल विज्ञान के मॉडल दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की 'लर्न एंड अर्न' (सीखो और कमाओ) की अवधारणा को जमीन पर उतारने का एक बड़ा प्रयास है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग, विपणन (मार्केटिंग) और उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा, जिससे वे विज्ञान को प्रयोगशाला से निकालकर सीधे बाजार और समाज तक पहुँचा सकेंगे। कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज के मार्गदर्शन और विभागाध्यक्ष डॉ. सलिल सिंह के निर्देशन में होने जा रहा यह आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
खेल एवं युवा कल्याण



