बैतूल में रविवार को युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मेरा युवा भारत बैतूल के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने सामूहिक शपथ भी ली।
कला और नाटक से समझाया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव और आत्म-नियंत्रण की जरूरत के प्रति जागरूक किया गया।
खास बातें
- मेरा युवा भारत बैतूल ने रविवार को आयोजित किया कार्यक्रम
- चित्रकला, नारा लेखन और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
- युवाओं को सामूहिक रूप से दिलाई गई नशामुक्त भारत की शपथ
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी सुषमा गवाली ने की। जिला सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार मुख्य अतिथि और ब्रह्माकुमारीज की बी.के. सविता तथा गायत्री परिवार के रवि शंकर पारखे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान
सुधाकर पवार ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने जुनून और क्षमता को सकारात्मक कार्यों में लगाने को कहा। बी.के. सविता ने आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच को नशे से मुकाबले का माध्यम बताया, जबकि रवि शंकर पारखे ने गायत्री परिवार के जन-जागरूकता प्रयासों की जानकारी दी।
सुषमा गवाली ने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। आदर्श सोनकपुरे ने कहा कि नशे से दूर रहने वाला युवा अपना भविष्य बेहतर बनाने के साथ समाज में आदर्श भी प्रस्तुत कर सकता है।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राधेलाल वनखेड़े, प्रतीक सिंह राजपूत, शिव सागर सिसोदिया, हेमंत और अंकित गावंडे सहित युवा स्वयंसेवक शामिल हुए। संचालन डॉ. महेश गुंजेले ने किया और धनंजय सिंह ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।







