सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, झाबुआ में ‘नमो सेवा संकल्प फुटबॉल मैच’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मैदान में पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार भी उपस्थित रहे।
नमो सेवा संकल्प फुटबॉल मैच शक्ति क्लब मेघनगर एवं यूथ क्लब झाबुआ के मध्य मैत्री मुकाबले के रूप में खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले का निर्णय पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से हुआ, जिसमें यूथ क्लब झाबुआ ने 3-2 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि शक्ति क्लब मेघनगर उपविजेता रहा।
मैच के समापन पर विजेता यूथ क्लब झाबुआ को 10 हजार रुपये तथा उपविजेता शक्ति क्लब मेघनगर को 6 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, टीम भावना एवं सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर सुश्री वैशाली सोलंकी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल, जिला खेल अधिकारी श्री विजय सलाम एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।







