मंडला के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला और निबंध के जरिए अपने ‘सपनों के भारत’ की तस्वीर सामने रखी। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुई इन प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रतिभागियों ने विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत को लेकर अपने विचार और रचनात्मक अभिव्यक्तियां प्रस्तुत कीं। भाषण में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी बात रखी।

खास बातें

  • भाषण, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन
  • तीनों प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी
  • विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया

भाषण और निबंध में नेहा ठाकुर प्रथम

भाषण प्रतियोगिता में नेहा ठाकुर ने पहला और तनु रजक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रियंका, प्राची और नीतू संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।

निबंध प्रतियोगिता में भी नेहा ठाकुर प्रथम और तनु रजक द्वितीय रहीं। प्रियंका धुर्वे, नीतू बैरागी और प्राची हीरौंदे ने तीसरा स्थान हासिल किया।

चित्रकला में नेहा बैरागी ने पाया पहला स्थान

चित्रकला प्रतियोगिता में नेहा बैरागी प्रथम, नैतिक जायसवाल द्वितीय और पूजा वरकड़े तृतीय रहीं। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव, शिक्षाविद योगेश श्रीवास्तव और पर्यावरणविद राजेश छतरी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने देश के भविष्य को आकार देने में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण की भूमिका बताई।

शिक्षकों और निर्णायकों ने संभाली जिम्मेदारी

कार्यक्रम का संयोजन शिवम मिश्रा, शालिनी साहू और कन्हैया बरमैया ने किया, जबकि मंच संचालन अखिलेश उपाध्याय ने संभाला। चित्रकला में अपराजिता पाठक, अनुमेहा सेठ और सुजाता शर्मा तथा निबंध में नरेश ठाकुर, सी.के. नंदा और देवेंद्र कछवाहा निर्णायक रहे। प्रवीण अग्रवाल, मुकेश अहिरवार, दीपक नागोत्रा सहित अन्य शिक्षकों ने आयोजन में सहयोग दिया।