लो क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार नर्मदापुरम जिले में 6 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों-किशोरों में कृमि संक्रमण की रोकथाम कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों, किशोरों एवं प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं को कृमिनाशक दवा दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी।

जिले में कुल 4,54,920 लाभार्थियों को 6 अक्टूबर को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जो छूट जाएंगे, उनके लिए 9 अक्टूबर को मॉप-अप राउंड आयोजित होगा।

कृमि संक्रमण से बच्चों में पेट दर्द, भूख में कमी, कमजोरी, एनीमिया और शारीरिक-मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ता है। नियमित दवा सेवन, स्वच्छता और हाथ धोने की आदत से रोकथाम संभव है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पात्र बच्चों को जरूर दवा दिलाएं और "स्वस्थ परिवार-सशक्त मध्यप्रदेश" के संकल्प में सहयोग करें। अभियान के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजर और सीएचओ को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है।