उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन 24 अक्टूबर को पीजी कॉलेज श्योपुर में किया जायेगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओ.पी. शर्मा एवं जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद के जिला नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण भूरिया, प्राध्यापक कैप्टन श्री अरविंद दोहरे एवं डॉ. भूपेंद्र हरदेनिया सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त प्राध्यापकों ने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी एवं अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी, ज्ञानवर्धक और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के समक्ष विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उन्हें कानून एवं पुलिस व्यवस्था से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ विद्यार्थियों को कानून, मौलिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सुरक्षित समाज के निर्माण की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।






