अमर शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शहडोल संभाग ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए ग्वालियर संभाग को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। ग्वालियर संभाग उपविजेता रहा। समापन समारोह जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल के मुख्य आतिथ्य, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ओम नारायण सिंह की अध्यक्षता तथा बांधवगढ़ एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 संभागों के 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल में शहडोल एवं ग्वालियर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए रीवा और जनजातीय कार्य विभाग की टीम के बीच मुकाबला हुआ। इसके बाद शहडोल और ग्वालियर के बीच रोमांचक फाइनल खेला गया, जिसमें शहडोल संभाग विजेता बना। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार एवं प्रतियोगिता ट्रॉफी प्रदान की। साथ ही प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले अधिकारियों, मैनेजर्स, कोच, ऑफिशियल्स एवं खेल विशेषज्ञों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रतियोगिता संयोजक भूपेंद्र बरकड़े ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सिंह गहलोत, प्राचार्य हाई स्कूल खलेसर ने किया।




