संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने विगत दिन संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की, जिसमें शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की प्रगति की विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित शिकायतों का त्वरित रूप से संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सीएम हेल्‍पलाईन में कम प्रगति पर संबंधित अधिक‍ारियों को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को अनुकंपा व पेंशन प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से करने हेतु निर्देशित किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत लंबित शिकायतों की विभाग वार समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समय सीमा में प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करावें। साथ ही सेवा से संकल्‍प अभियान की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में सभी गतिविधियों को सुचारू रूप से संपन्न कराने, नियमित मॉनिटरिंग करने एवं पोर्टल पर प्रगति को दर्ज कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को निर्देश दिए कि कृषि विभाग, आगामी रबी की तैयारी के लिए आवश्यकता अनुसार खाद का आंकलन कर अग्रिम भंडारण की कार्यवाही नियमानुसार कराना सुनिश्चित करे।

संभागायुक्‍त श्री सिंह ने स्‍वास्‍थ्‍य व पोषण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता में लेते हुए कहा कि इस दिशा में अपेक्षित मापदंड अनुसार कार्य करें। बैठक में संभागायुक्त ने विद्यालयों के सुचारू संचालन एवं अन्‍य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इसकी सतत मॉनिटरिंग करें। उन्‍होंने कहा कि पीएचई विभाग एकल नल जल योजनाओं के शेष कार्य समय सीमा में पूर्ण करावें एवं शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिशा में आवश्‍यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में उन्‍होंने शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगरीय प्रशासन, मंडी, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि तथा निर्माण से जुड़े विभागों सहित अन्‍य विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्‍होंने लंबित शिकायत प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों से कहा कि वे शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद कर शिकायतों का समुचित निराकरण सुनिश्चित करें।